Friday, September 4, 2026

तीर्थ से टूरिस्ट स्पॉट तक : आस्था का नया “मॉडल”

तीर्थ से टूरिस्ट स्पॉट तक : आस्था का नया “मॉडल”

कहते हैं, देवता बड़े शांत हैं,
भक्तों की सुनते हैं, वरदान बाँटते हैं।
पर अब खबर है—देवता भी परेशान हैं,
अपने ही मंदिरों से धीरे-धीरे निकलते जाते हैं।


सबसे पहले वैष्णो देवी माता ने सोचा—
“ये कैसी चढ़ाई, ये कैसी कतार?
भक्ति कम, पैकेज ज्यादा,
और हर मोड़ पर तैयार बाजार!”

माता ने कहा—
“भक्त आएँ तो स्वागत है,
पर दर्शन अब destination experience हो गया।
चलो, कहीं और बैठते हैं,
यहाँ तो आस्था का भी commercialization हो गया!”


फिर 2013 में केदारनाथ ने देखा
पहाड़, नदी और प्रकृति का क्रोध।
मानो शिव स्वयं कह रहे हों—
“मनुष्य! सीमा भी कोई चीज़ होती है,
हर शिखर को project समझना
और हर घाटी को business model—
यह कैसी नई खोज?”

भक्त बोले—“पुनर्निर्माण होगा!”
बाजार बोला—“Expansion होगा!”
शिव मुस्कुराए—
“पुनर्निर्माण ठीक है पुत्र,
बस इतना ध्यान रखना—
कहीं कैलाश भी
Integrated Spiritual Tourism Corridor न हो जाए!”


उधर राम जी ने अयोध्या से झाँका—
चारों ओर रोशनी, कैमरे, नारे, शो।
राम ने पूछा—
“भरत कहाँ है?”
लक्ष्मण बोले—“प्रभु, कैमरे के पीछे।”

“हनुमान?”
“VIP security में।”

“और जनता?”

हनुमान ने धीरे से कहा—
“प्रभु, जनता तो दर्शन के लिए है,
बाकी सबके लिए development का दर्शन है।”

राम जी ने धनुष उठाया और कहा—
“वनवास एक बार किया था,
लगता है अब फिर निकलना पड़ेगा!”


काशी में विश्वनाथ जी ने देखा
कॉरिडोर, कॉरिडोर और कॉरिडोर।

शिव बोले—
“काशी की गलियों में
भक्त खो जाया करते थे,
अब तो सब कुछ इतना व्यवस्थित है
कि शायद रहस्य ही खो गया।”

नंदी ने पूछा—
“भोलेनाथ, चलें कहाँ?”

शिव बोले—
“कहीं ऐसी जगह चलो
जहाँ आदमी दर्शन करने आए,
content बनाने नहीं!”


वृंदावन में कृष्ण परेशान हैं।

पहले बाँसुरी बजती थी,
अब loudspeaker और reels बजती हैं।

राधा ने पूछा—
“श्याम, ये कैसी रासलीला?”

कृष्ण बोले—
“राधे! पहले गोपियाँ मुझे ढूँढती थीं,
अब लोग parking ढूँढते हैं।”

“और ये भक्त?”

“भक्त कम हैं राधे,
कुछ weekend spiritual tourists हैं।
जल्दी फोटो लो, प्रसाद लो,
और Monday morning office पहुँचना है!”

कृष्ण ने बाँसुरी रख दी—
“चलो राधे, किसी ऐसी कुंज में चलते हैं
जिसका Google rating अभी पाँच सितारे न हुआ हो।”


और अब खबर आई—
अमरनाथ जी भी कैलाश की ओर निकल पड़े!

नंदी ने पूछा—
“प्रभु, आप तो स्वयं हिमालय में हैं,
फिर भाग कहाँ रहे हैं?”

उत्तर आया—

“पहले तीर्थयात्री आते थे,
अब infrastructure आता है।
पहले मौन आता था,
अब उद्घाटन आता है।

पहले हिमालय को
देवताओं का निवास कहते थे,
अब शायद किसी ने file खोल दी है—
‘Potential Spiritual Tourism Destination’!”


देवी-देवताओं की आपात बैठक हुई।

राम अयोध्या से,
कृष्ण वृंदावन से,
शिव काशी से,
केदार से, कैलाश से संदेश आया—

“हम कहाँ जाएँ?”

एक देवता ने सुझाव दिया—
“स्वर्ग चलो!”

दूसरे बोले—
“वहाँ भी कहीं master plan बन रहा होगा।”

तीसरे बोले—
“पाताल?”

नारद ने वीणा बजाई और कहा—

“प्रभुओ! अब बचना है
तो किसी ऐसे स्थान पर चलिए
जहाँ सड़क न पहुँचे,
जहाँ drone न पहुँचे,
जहाँ influencer न पहुँचे,
और जहाँ किसी नेता को
शिलान्यास का अवसर न पहुँचे!”


और धरती पर उद्घोषणा हुई—

“नया युग है, नई व्यवस्था है,
आस्था भी अब एक व्यवस्था है।
तीर्थ वही महान कहलाएगा,
जहाँ parking, plaza और package आएगा!”

नारद मुस्कुराए—

“कलियुग में धर्म नहीं बदला,
बस उसका business model बदल गया है।
भक्ति अब भी है—
बस उसे पहले
QR code scan करना पड़ता है!”

और कहीं दूर,
पहाड़ों के पीछे,
देवी-देवता शायद आज भी खोज रहे हैं—

**एक ऐसा तीर्थ,

जहाँ तीर्थ अभी भी तीर्थ हो…
Tourist Spot नहीं।**

 

और जब
राम अयोध्या से,
कृष्ण वृंदावन से,
विश्वनाथ काशी से,
अमरनाथ कैलाश से
और देवी-देवता अपने-अपने मंदिरों से
धीरे-धीरे निकलने लगे—

तो पहाड़ की किसी अनजानी ढलान पर
एक अल्लाह का बंदा
राग पहाड़ी में गा रहा था—

“लगी आग लंका में, हलचल मचा था,
एक विभीषण का घर (मंदिर) क्यों कर बचा था?”

लोगों ने पूछा—
“उसका घर क्यों बच गया?”

उसने मुस्कुराकर कहा—

“यही शब्द लिखे थे उसके मकान पर—
हरि ॐ तत्सत्।”

और शायद देवता भी समझ गए—

मंदिर पत्थर में नहीं बचते,
न कॉरिडोर में,
न पर्यटन में,
न राजनीति में।

मंदिर वहीं बचता है
जहाँ ईश्वर का नाम
पहचान से बड़ा हो जाता है।

हरि ॐ तत्सत्।

 

No comments:

Post a Comment